

हल्द्वानी। शहर की 26 सड़कें नए नाम से जानी जाएंगी। इसके लिए नगर निगम इनका नामातंरण करने जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव बना कर शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। मंजूरी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। यह जानकारी मेयर गजराज बिष्ट ने एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि जल्द सड़कों को नया नाम दिया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में नवाबी रोड का नाम अटल मार्ग और पनचक्की से आईटीआई तक नहर कवरिंग सड़क का नाम शासन की सहमति से नगर निगम गुरु गोलवलकर मार्ग पूर्व में कर चुका है। वहीं इसके बाद कई चौराहों और सड़कों का नाम मेयर के माध्यम से बदले गए हैं। लेकिन शासन से सहमति के बिना नाम बदलने पर रोक लगने से आगे की कार्रवाई रुक गई।
अब नगर निगम की ओर से शहर की 26 सड़कों का नाम बदलने का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा रहा है। नगर निगम में आयोजित प्रेस वार्ता में मेयर ने बताया कि लोगों की ओर से नाम बदलने की मांग लगातार की जा रही है। जनभावनाओं के अनुसार सड़कों के नाम बदलने जरूरी हैं। इसके लिए नियमानुसार शासन से मंजूरी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
बताया कि नगर निगम ने बीस बीघा नजूल भूमि को कब्जे से मुक्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। मेयर ने बताया कि अब नगर निगम को विकास कार्यों के लिए जमीन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मेयर बिष्ट ने वेंडराें को निगम का कार्ड जारी किया। बताया कि निगम क्षेत्र में 1800 वेंडर्स का सत्यापन किया गया है। इनमें से हल्द्वानी के स्थाई 800 वेंडर्स को कार्ड दे दिए गए हैं। बाहर से आकर काम कर रहे वेंडर्स को उनके अपने क्षेत्र की पुलिस से सत्यापन कराने पर कार्ड दिए जाएंगे।
बारिश से जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। वहीं नगर निगम के लिए बारिश परेशानी का कारण बन गई है। कूड़ा निस्तारण को ट्रंचिंग ग्राउंड में लगाया गया लीगेसी प्लांट ठप हो गया। ऐसे में निर्धारित समय में यहां जमा कूड़े का निस्तारण होना मुश्किल हो गया है।
ट्रंचिंग ग्राउंड में लगा कूड़े का ढेर स्थानीय लोगों की परेशानी का कारण बना रहता है। एक सप्ताह से रोज हो रही बारिश से प्लांट बंद हो गया है। प्लांट से छह माह में कूड़े के निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं मानूसन नजदीक होने से तय समय में काम पूरा होना मुश्किल है। निगम के वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि बारिश के कारण प्लांट प्रभावित हो रहा है।
दमुवाढूंगा क्षेत्र के चार नए वार्डों के भवन स्वामियों को अब निगम में भवन कर जमा करना होगा। इसके लिए नगर निगम ने कार्ययोजना बना ली है।


