

रामनगर। सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार और जान से मारने धमकी देने के आरोप में ब्लॉगर बिरजू मयाल को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बिरजू के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं । पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ लोगों से अवैध वसूली, जान से मारने की धमकी और छेड़छाड़ के अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई को थाना रामनगर पर एक के बाद एक तीन अलग-अलग शिकायतकर्ताओं द्वारा बिरजू मयाल के खिलाफ गंभीर आरोपों की तहरीर दी गई, जिनमें गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, पैसों की जबरन मांग और महिलाओं से अभद्रता के मामले शामिल हैं।
वादी राकेश नैनवाल निवासी ग्राम ढिकुली द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, बिरजू मयाल ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस पर धारा 351(3)/352 BNS* के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। दूसरे मुकदमे में वादी दिनेश मेहरा निवासी शिवलालपुर रामनगर ने तहरीर दी कि बिरजू मयाल ने 10,000 रुपए की मांग की, पैसे न देने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इस पर धारा 308(2)/351(3) BNS* दर्ज की गई। तीसरे मामले में नीमा देवी, निवासी भरतपुरी रामनगर ने शिकायत दी कि 13.07.25 को जब बिरजू मयाल और उसकी पत्नी में झगड़ा हुआ और उन्होंने बीच-बचाव किया, तो बिरजू मयाल ने उन्हें गाली गलौच, धमकी दी और छेड़छाड़ की। इस पर धारा 74/115(2)/351(3)/352 BNS* दर्ज की गई।
इसके अतिरिक्त, बिरजू मयाल लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर किसी पर भी बिना तथ्यों के झूठे आरोप लगाकर लोगों से पैसे वसूलने व जान से मारने और डराने-धमकाने की गतिविधियों में संलिप्त था।
जांच पर पुलिस टीम द्वारा 27 जुलाई को रामपुर रोड हाइवे, मंडी गेट के पास से बिरजू मयाल पुत्र उमेद मयाल निवासी नाथूझाला कोटाबाग को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। बिरजू मयाल के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गगन दीप, उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा,
उपनिरीक्षक राजकुमारी,
कांस्टेबल अमित राणा
कांस्टेबल शेखर शामिल थे।






