
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने गणेश गोदियाल को एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया है। एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार देर रात इस संबंध में पत्र जारी किया। इसके साथ ही जिलाध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की गई है।
गणेश गोदियाल इससे पहले भी अगस्त 2021 से लेकर मार्च 2022 तक उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी की कमान संभाली थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की विशेष सहमति मानी जा रही है।
उत्तराखंड में कांग्रेस के नए सिरे से पुनर्गठन को आगामी नगर निकाय और विधानसभा चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। नवनियुक्त अध्यक्ष गणेश गोदियाल के साथ प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत तीनों अनुभवी नेता हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी राज्य में फिर से सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर काम करेगी।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दो प्रमुख समितियों का गठन भी किया गया है। प्रीतम सिंह को प्रचार समिति और हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति की कमान सौंपी गई है। दोनों को विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को सक्रिय करने की रणनीतिक भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे करन माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी ने उनके कार्यकाल के दौरान हुए संगठनात्मक प्रयासों की सराहना की है।


