ख़बर शेयर करें -

सितारगंज। मंगलवार को देर शाम ऊधमसिंहनगर जिले के सितारगंज के गांव सैजनी में खेत में पानी लगाने को हुए मामूली विवाद में किसान की जान चली गई। आरोपी किसान की बात का इतना बुरा मान गया कि उसने उसकी गोली मारकर जान ले ली। पुलिस को मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वहीं हत्याकांड के बाद गांव में पुलिस तैनात की गई है।

दरअसल, किसान सुरजीत सिंह राणा मंगवार को खेत में पानी लगा रहा था। शाम के समय आरोपी भी अपने खेत पर पहुंच गया। इसी समय दोनों में पानी को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी पहले तो घर चला गया, लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी तमंचा लेकर फिर से खेत पर पहुंच गया। उसने सुरजीत के बिल्कुल पास जाकर सीने में सटाकर गोली मार दी। इसके बाद सुरजीत खेत में गिर गया। वहीं आसपास काम कर रहे सुरजीत के भाई और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
सुरजीत सिंह राणा मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। उसका एक छोटा बेटा है। घर में मां और पत्नी के साथ रहता था। वह घर में अकेला ही कमाने वाला था। उसकी मौत से अब परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने नाकेबंदी की है। आरोपी के संपर्कों को खंगाला जा रहा है। नेपाल बॉर्डर पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

सुरजीत सिंह राणा के हत्यारोपी का अपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2017 में गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध रहा है। वर्ष 2017 में सितारगंज में फिरौती के लिए बच्चे के अपहरण में नामजद था। यह प्रकरण काफी चर्चाओं में रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद बाहर आया था। ग्रामीणों के अनुसार आरोपी ग्रामीणों को आए दिन धमकाता रहता था। ग्रामीण महिलाओं व अस्पताल पहुंचे लोगों ने पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा को बताया कि आरोपी पहले ध्यानपुर में रहता था। करीब एक दशक पहले ग्राम सैजनी परिवार सहित रहने लगा। ग्रामीणों व परिवारजनों ने सुरजीत के हत्यारोपी से जान का खतरा बताया। पुलिस से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वही पुलिस जांच में जुट गई है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page