

देहरादून। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के लिए विपुल मैंदोली को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दीपेंद्र कोश्यारी व मुलायम सिंह रावत को प्रदेश महामंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से युवा मोर्चा के नए प्रदेश पदाधिकारियों का ऐलान किया गया।
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान तो पितृ पक्ष में हो गया था लेकिन युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा नहीं हो पाई थी। सूत्रों के अनुसार, मोर्चा के अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान की वजह से नए पदाधिकारियों के नाम तय करने में देरी हुई। अब लंबे मंथन के बाद आखिरकार भाजपा ने मोर्चा के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर विपुल मैंदोली को भाजयुमो का अध्यक्ष बनाया गया है। इस के अलावा पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के भतीजे दीपेंद्र कोश्यारी और मुलायम सिंह रावत को महामंत्री नियुक्त किया गया है।
विपुल मैंदोली के साथ ही दीपेंद्र कोश्यारी और मुलायम सिंह रावत भी भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में थे। सूत्रों का कहना है कि मोर्चा का अध्यक्ष लंबे समय से कुमाऊं से होने की वजह से इस बार संगठन को नया अध्यक्ष गढ़वाल से चुनना पड़ा। यह समीकरण मैंदोली के पक्ष में गया। इसके अलावा एक महामंत्री कुमाऊं मंडल जबकि एक गढ़वाल से बनाया गया।



