
हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की विज्ञप्ति जारी करते हुए विभिन्न विभागों में कुल 67 रिक्त पद घोषित किए हैं। इस पदों पर अभ्यर्थी अंतिम तिथि 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इनमें डिप्टी कलेक्टर और पुलिस उपाधीक्षक समेत प्रशासन, वित्त, शिक्षा, श्रम, परिवहन, कृषि एवं महिला कल्याण विभाग के पद शामिल हैं। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार डिप्टी कलेक्टर (कार्मिक एवं सतर्कता विभाग) के 10, पुलिस उपाधीक्षक (गृह विभाग) के 14, जिला कमांडेंट, होमगार्ड के दो, वित्त अधिकारी/ कोषाधिकारी के चार और सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के आठ पद हैं।
सहायक आयुक्त, राज्य कर का एक, सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का एक, खंड विकास अधिकारी के पांच, उप शिक्षा अधिकारी/ स्टाफ ऑफिसर/ विधि अधिकारी का एक और सहायक श्रम आयुक्त का एक पद शामिल है। वहीं सहायक निदेशक/ उपसचिव (संस्कृत शिक्षा विभाग) के चार, सहायक निदेशक, कारखाना/ बॉयलर के दो, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के पांच, पौधशाला विकास अधिकारी श्रेणी-2 का एक, राज्य कर अधिकारी के पांच और केस वर्कर (महिला कल्याण विभाग) के तीन पद घोषित किए गए हैं। आयोग की ओर से जारी पदों के अनुसार सभी पदों का वेतनमान भी अलग-अलग निर्धारित किया गया है।

