
बाजपुर। लेवड़ा नदी पुल के पास लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता के साथ मारपीट के मामले में विभाग के इंजीनियरों के विरोध प्रदर्शन के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर बाजपुर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
निर्माण खंड लोनिवि काशीपुर में तैनात अपर सहायक अभियंता राजीव कुमार ने 6 सितंबर को कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि लेवड़ा नदी पुल के पास राजेश कुमार और उसके अन्य साथियों ने उनसे मारपीट की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाजपुर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी संख्या 328/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1) और 132 के तहत भाजपा नेता पूर्व दर्जा धारी राजेश कुमार और अन्य के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि घटना की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम साक्ष्य संकलित कर रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

