
टिहरी। थाना लंबगांव क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापनगर के खोलगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवक की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में उसका एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मृतक के पिता धनपाल लाल निवासी देवल गांव, प्रतापनगर ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे उनके पुत्र कीर्तन को खोलगढ़ गांव की एक युवती के मोबाइल फोन से कॉल कर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने पर युवती के पिता ने अपनी बेटी के साथ मिलकर कीर्तन और उसके दोस्त दिवाकर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमले के बाद दोनों युवक रातभर घायल अवस्था में मौके पर पड़े रहे। सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। कीर्तन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दिवाकर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी रेफर कर दिया गया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर मृतक का शव उठाने से इनकार कर दिया है। शव फिलहाल सीएचसी लंबगांव में रखा गया है। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी दीपक सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

