ख़बर शेयर करें -

ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर के दिनेशपुर में ई-रिक्शा चालक की लूट के इरादे से अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर शव को सड़क से कुछ दूर झाड़ी में फेंक दिया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे और घटनास्थल के आसपास खून बिखरा हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

शुक्रवार को निकटवर्ती दुर्गापुर नंबर एक गांव के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। पास में ईंट-पत्थर पड़े थे। मृतक की शिनाख्त अमरपुर गांव निवासी 55 वर्षीय जगदीश सिंह पुत्र खंडा सिंह के रूप में हुई। बेटे गुरमीत सिंह ने शव की शिनाख्त की। जगदीश का ई-रिक्शा घटनास्थल से कुछ दूर सड़क किनारे खड़ा था। ई-रिक्शा से बैटरी और जगदीश के जेब से मोबाइल गायब था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एएसपी निहारिका तोमर ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पुलिस को जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लूट के इरादे से हत्या का अंदेशा है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मृतक जगदीश सिंह की चार पुत्री और दो पुत्र हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। रोजाना की तरह वह गुरुवार सुबह भी ई-रिक्शा लेकर काम पर गए थे। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे और उनका फोन भी ऑफ था। इस पर परिजनों ने गुरुवार रात को ही पुलिस को उनकी गुमशुदगी की सूचना दी। शुक्रवार सुबह उनका खून से लथपथ शव मिला। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, जगदीश बहुत ही मिलनसार व्यक्ति थे।

You cannot copy content of this page