ख़बर शेयर करें -

देहरादून। पंचस्थानी कार्यालय की ओर से निकाय चुनाव को लेकर जारी मतदाता सूची से कई नेताओं के नाम ही गायब कर दिए गए। सूची में गड़बड़ी का आलम यह है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है। साथ ही कई नेता ऐसे भी हैं जो मेयर या पार्षद पद के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन उनके नाम सूची से गायब हैं। कुछ पुरुष नेताओं को सूची में महिला दर्शाया गया है। ऐसे में नेताओं में भी बेचैनी है कि अगर वह इस सूची के आधार पर चुनाव लड़ते हैं तो या तो वह चुनाव लड़ ही नहीं पाएंगे या फिर नामांकन रद्द हो सकता है।
दून नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अशोक वर्मा का पता मतदाता सूची में गलत दर्ज है। बेटे शिवा वर्मा का नाम भी मतदाता सूची में सिर्फ शिवा ही लिखा गया है। अशोक वर्मा का कहना है कि उन्होंने पता सही करवाने के लिए आवेदन कर दिया है। विजय कॉलोनी से निवर्तमान पार्षद सत्येंद्रनाथ का नाम वोटर लिस्ट में है ही नहीं। वह पिछली बार इसी वार्ड से भाजपा के टिकट से पार्षद निर्वाचित हुए थे।
धोरणखास से निवर्तमान पार्षद चुन्नीलाल को मतदाता सूची में पुरुष के स्थान पर महिला दर्ज कर दिया गया है। चुन्नीलाल कहते हैं कि पिछले चुनाव में उनका नाम सही था, लेकिन इस बार उनके नाम के आगे महिला लिख दिया है। इसी तरह बल्लुपूर वार्ड की पार्षद कोमल बोहरा के पति नाम मतदाता सूची में दीप बोहरा के स्थान पर डीप वोहरा लिखा गया है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है। भाजपा के निवर्तमान पार्षद सत्येंद्रनाथ, भूपेंद्र कठैत ने बताया कि सूची में मंत्री तक का नाम नहीं चढ़ा है। इस बारे जिलाधिकारी से मुलाकात की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page