
हल्द्वानी। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने कहा कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। महारैली के बाद प्रदेशभर में वोट बचाओ अभियान को और तेज किया जाएगा। रविवार को हल्द्वानी के होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना जरूरी है।
दीपक राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उन्हें दोबारा सूची में शामिल कराने के लिए कांग्रेस के वोट रक्षक पोर्टल के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभाई जा सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर चौपालों के माध्यम से संगठन को मजबूत किया जाएगा और मिशन 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना आवश्यक है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए। विवाह या स्थायी रूप से निवास बदलने की स्थिति में मतदाता का नाम वर्तमान निवास क्षेत्र की सूची में दर्ज होना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड में लगभग 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विषय को गंभीर बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए उन्होंने राहुल गांधी की सराहना भी की।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त करते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का अपना स्वाभिमान है। प्रदेश के लाखों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से योगदान दे रहे हैं। किसी भी भारतीय नागरिक को दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने के आधार पर घुसपैठिया कहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करना चाहिए। यदि बयान का आशय उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना था, तो वह इसकी कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है, इसे कांग्रेस की आधिकारिक राय न माना जाए।
ईवीएम की विश्वसनीयता के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ईवीएम की तकनीकी जांच प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों के विशेषज्ञों और स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों से कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव है। जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं की सहायता करेंगे। वोट रक्षक पोर्टल के माध्यम से समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए बीएलए को प्रशिक्षित करने और संगठन के सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता के बाद दीपक राठौड़ ने कांग्रेस के विधानसभा प्रभारियों और बीएलए-1 के साथ बैठक की। इसमें विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट सहित अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को प्रभावी बनाने, एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान, वोट रक्षक पोर्टल के उपयोग और बीएलए को प्रशिक्षण देने पर चर्चा की गई। साथ ही विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित न रहने देने के लिए जिम्मेदारी से काम करने का आह्वान किया। इस दौरान हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, गणेश उपाध्याय, सतीश नैनवाल, शोभा बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, जया पाठक, नरेश अग्रवाल, डॉ. मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, संजय किरोला, बहादुर बिष्ट, दीप चंद्र पाठक, महेश कांडपाल, मोहन बिष्ट, किरण माहरा, इंदर पाल आर्य, बिपिन खोलिया, गिरीश पांडे, गुरजीत सिंह गित्ते, मनोज शर्मा, परिमल रॉय, दीपक किरोला, तेज राम आर्य, शंकर कोहली सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



