
रुद्रपुर। तेलंगाना से करोड़ों रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर नेपाल भागने की फिराक में नेपाल निवासी दंपति, एक महिला को मंगलवार को रुद्रपुर से लगी यूपी-उत्तराखंड सीमा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से आठ किलोग्राम सोना और एक किलो पचास ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए। यूएस नगर पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद जेवरात की कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर जिले के बिलासपुर और यूएस नगर की पुलिस को तेलंगाना की पुलिस इनपुट मिला था कि भारी मात्रा में जेवरात चुराकर कुछ अंतरराष्ट्रीय तस्कर या चोर उत्तराखंड के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे हैं। बताया गया कि ये लोग रोडवेज बस में सवार हैं। यूएस नगर के एसएसपी अजय गणपति ने एसओजी समेत पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया और रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान यूपी रोडवेज की एक बस को रोका। बस सवार नेपाल मूल के तीन संदिग्धों की तलाशी ली। उनसे करीब आठ किलोग्राम सोना, एक किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण, हीरे की अंगूठियां बरामद कीं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद बिलासपुर थाने ले आई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम नेपाल के जिला कैलाली के मोतीपुरा थाना क्षेत्र के गांव पलिया निवासी कमल, उसकी पत्नी विमला बताया और नेपाल के अच्छा राज्य मंगलसेन निवासी कल्पना बताया। बताया जा रहा है कि कल्पना, कमल की साली है।

