
देहरादून। देहरादून के मसूरी रोड स्थित झड़ीपानी में कार दुर्घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। पुलिस व एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक आज 10 जून 2026 को मसूरी रोड स्थित झड़ीपानी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस एवं अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुँचीं तथा संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान प्रारम्भ किया गया।
डीसीआर देहरादून की सूचना पर पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुँची। अत्यंत दुर्गम एवं ढलानों के बीच राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार चारों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी है।
वर्तमान में पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य बचाव एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू कार्य जारी है। टीमों द्वारा मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकालकर मुख्य सड़क मार्ग तक लाने का कार्य किया जा रहा है, जिसके उपरांत अग्रिम विधिक कार्यवाही पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस के अनुसार मृतकों में सत्यप्रकाश, निवासी सोनीपत, हरियाणा, मानित, उम्र 19 वर्ष, निवासी गाजियाबाद, सविता, उम्र 48 वर्ष, पत्नी धर्मवीर, निवासी गाजियाबाद व संगीता, उम्र 46 वर्ष, पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली शामिल है।

