ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून के राजपुर रोड पर रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में डकैती डालने के बाद बदमाश अलग-अलग बस और ट्रेन से अगले ही दिन बिहार पहुंच गए थे। दो बदमाश यहां से अलग-अलग बसों से दिल्ली गए और फिर वहां से बिहार चले गए। बिहार में दोनों ने कपड़े व पहचानपत्र आदि सब सामान विशाल को दे दिए थे। विशाल ने यह जानकारी पुलिस को पूछताछ में दी है। अब इसके आधार पर ही पुलिस जांच कर रही है।
दरअसल, अभी तक माना जा रहा था कि बदमाश सीधे बिहार नहीं बल्कि देश के किसी अन्य हिस्से में पहुंचे थे। लेकिन, पकड़े गए मददगारों ने पुलिस को बताया कि डकैती डालने वाले दो बदमाश विक्रम और प्रिंस देहरादून से अलग-अलग बसों से दिल्ली गए थे। दिल्ली में वे विक्रम के फ्लैट पर रुके और फिर वहां से अलग-अलग ट्रेन से बिहार के वैशाली चले गए। वैशाली में दोनों ने विशाल को कपड़े व पहचानपत्र दे दिए और अगले ठिकाने पर चले गए।

उनके अगले ठिकानों के बारे में विशाल को भी जानकारी नहीं है। कपड़े और पहचान पत्र आदि सामान तो पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। लेकिन, उनके अगले ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बता दें कि विक्रम और प्रिंस पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। इनमें आरोपी विक्रम सात साल से दिल्ली में पंजाबी रसोई में ड्राइवर था। घटना से दो माह पहले ही वह यहां से काम छोड़कर चला गया। उसने बताया था कि उसकी मां की तबीयत खराब है।
लेकिन, वह इस गैंग में शामिल हो गया। अगस्त में वह दो साथियों के साथ दिल्ली के इस फ्लैट में आया था। इसके बाद दो नवंबर को रोहिणी स्थित फ्लैट में आकर रहने लगा। यहां से सात नवंबर को घटना करने के लिए हरिद्वार पहुंचा। घटना करने के बाद 10 नवंबर की सुबह दिल्ली और फिर शाम को बिहार चला गया।

You cannot copy content of this page