ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के देवऋषि एन्क्लेव (देहराखास) में बुधवार देर शाम एक फाइनेंसर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए हत्यारोपी को उसी कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय दीपक गुप्ता ट्रेडिंग और ब्याज (फाइनेंस) का काम करते थे। आठ साल पहले उनकी शादी हुई थी, लेकिन छह महीने में ही तलाक हो गया था। तब से वह मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते थे, जबकि पहली मंजिल पर उनके छोटे भाई राकेश गुप्ता का परिवार रहता है।

 

पुलिस ने बताया,बुधवार शाम करीब पांच बजे माजरा, प्रधानवाली गली का 21 वर्षीय रोहन प्रजापति दीपक के कमरे में पहुंचा। दोनों के पहले से परिचित होने की बात सामने आई है। कमरे में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर रोहन ने कमरे में रखे चाकू से दीपक के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर घाव से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी चीख सुन नीचे पहुंचे राकेश के परिवार ने जब यह मंजर देखा तो सभी सकते में आ गए। हालांकि राकेश की पत्नी मीनाक्षी ने बाहर से कुंडी लगाकर आरोपी को कमरे में कैद किया और पुलिस के पास चली गई।

 

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि कमरे में दीपक का शव जमीन पर मुंह के बल नग्नावस्था में मिला। मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उधर, पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि आरोपी रोहन दून के एक निजी संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। इंटरनेट के जरिए उसके, दीपक के संपर्क में आने की बात सामने आई है। गुसाईं ने बताया कि आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। उसने दावा किया कि वह शेयर ट्रेडिंग सीखने दीपक के पास आता था, पर उम्र व अन्य पहलुओं को देखते हुए पुलिस को उसकी कहानी पर यकीन नहीं है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page