ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर के निकटवर्ती ग्राम में पुराने बर्तन खरीदने के नाम पर झांसा देकर छह से अधिक महिलाओं से सोने चांदी के गहने ठगने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

ग्राम मल्ली छीनी निवासी ममता विलियम्स ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उसके यहां एक सप्ताह से एक बर्तन बेचने वाली महिला आ रही थी। उसे और उसकी ननद प्रार्थना को पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन दिए। आरोप लगाया कि बाद में महिला हर चीज के लिए बहकाने लग गई। 19 जून की सुबह 11 बजे आरोपी महिला ने झांसा देकर उसने सोने के मंगलसूत्र, चांदी की दो, सोने की दो अंगूठी, चांदी के हाथ के कंगन ले लिया और कहा कि 21 जून को वापस आकर इसके बदले में 50,000 रुपये और पूरे जेवर भी वापस कर देगी। कहा कि यह बात किसी को मत बताना, नहीं तो रास्ते में उसे कोई लूट लेगा। जब वह नहीं आई तो पता चला कि आरोपी महिला ने गांव की ही रेवती देवी, चम्पा देवी, शांति देवी, संगीता देवी समेत अन्य के साथ भी इसी तरह की घटना की है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। सीओ शिवराज सिंह राणा का कहना है कि पुराने बर्तन के बदले महिलाओं को झांसा देकर गहनों की ठगी का मामला प्रकाश में आया है, मामले की जांच की जा रही है। लोगों को इस तरह के ठगों से सावधान रहना होगा।

You cannot copy content of this page