
हरिद्वार। हरिद्वार के चंडीघाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान के साथ मुस्लिम युवती तमन्ना ने सनातन धर्म अपना लिया। इसके बाद उसका नया नाम नेहा रखा गया।
साधु संतों और हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने इस कार्यक्रम में प्रतिभाग लिया। यह संपूर्ण वैदिक संस्कार तीर्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष तीर्थाचार्य सन्त राम विशाल दास महाराज के मार्ग दर्शन एवं पंडित जितेंद्र ज्योति के संरक्षण द्वारा संपन्न कराया गया।
अखिल भारतीय सन्त आश्रम परिषद के संरक्षक बाबा हठयोगी महाराज, दिल्ली आर्य समाज के मुकेश शास्त्री, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन अर्जुन, पानब देव आश्रम के महंत ओमदास महाराज सहित सैकड़ों सनातन धर्मावलंबी उपस्थित रहे। हिन्दू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान का इसमें खास भूमिका रही। बाबा हठयोगी ने कहा कि इतिहास के विभिन्न कालखंडों में अनेक लोगों ने भय, अत्याचार, सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों के कारण अपने मूल धर्म से दूरी बना ली थी। उन्होंने कहा कि आज यदि कोई व्यक्ति अपनी स्वतंत्र इच्छा और आस्था के आधार पर अपने पूर्वजों की परंपरा में लौटना चाहता है, तो उसका सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाना चाहिए।

