
बाजपुर। सात वर्ष पुराने प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने पर ऊधमसिंहनगर के बाजपुर कोतवाली परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। शादी का वादा पूरा न करने से नाराज युवती ने कोतवाली गेट पर प्रेमी को चप्पलों से पीट दिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का बाजपुर क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवक से सात वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों की शादी की बात भी परिजनों की सहमति से तय हुई थी, लेकिन बाद में युवक ने शादी से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर मामला कोतवाली पहुंचा। शनिवार को दोनों पक्ष पुलिस की मौजूदगी में कोतवाली आए थे। इसी दौरान गेट पर युवक को देखकर युवती ने गाली-गलौज शुरू कर दी और चप्पल से उसकी पिटाई कर दी। अचानक हुई घटना से कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

