ख़बर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शिमला बाइपास चौक पर उस समय हुआ, जब सड़क पर बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। महिला सड़क पर गिर गई और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि करीब दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल महिला और उसका पति सड़क पर तड़पते रहे।

जानकारी के अनुसार बड़ोवाला निवासी 26 वर्षीय दुर्गा अपने पति के साथ बाइक से डोईवाला की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 7:30 बजे शिमला बाइपास चौक के पास सड़क पर बने गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होने पर दुर्गा सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनका पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद कई बार 108 एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को फोन किया गया, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। समय पर उपचार नहीं मिलने और अधिक खून बह जाने के कारण दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पति गंभीर हालत में तड़पता रहा।

एंबुलेंस सेवा में कथित लापरवाही से नाराज स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page