
हरिद्वार। कांवड़ मेला के दौरान 6000 जवान और 10 ड्रोन कैमरे सुरक्षा के दृष्टिगत मेला क्षेत्र की निगरानी करेंगे। साथ ही 13 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स के कंधों पर भी कांवड़ मेले में सुरक्षा की जिम्मेदारी होगी।
वहीं मेला कंट्रोल रूम सीसीटीवी कैमरों की मदद से मेला क्षेत्र पर 24 घंटे नजर रखेगा। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुर्गेशन ने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारियों को कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए प्रोत्साहित किया। कांवड़ मेला 2026 को सकुशल आयोजन के उद्देश्य से पुलिस लाइन रोशनाबाद के बहुउद्देशीय भवन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इस दौरान एडीजी वी. मुर्गेशन ने फोर्स को हिदायत हुए कहा कि कांवड़ के दौरान लापरवाही नहीं करें। संज्ञान लेते हुए अफवाहों पर तत्काल रोक लगाई जाए। मेले को चैलेंज के रूप में लेते हुए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता से ड्यूटी करें। एडीजी ने फोर्स को कांवड़ मेले में सतर्क रहने, आस पास की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, डीजे पर भड़काऊ गीतों और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिशों पर बारीक नजर रखने के निर्देश दिए। आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे ने कहा कि हरकी पैड़ी पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आवश्यक हैं। सभी वाहन केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़े कराए। आईजी ने मेला क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान को सुव्यवस्थित तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।

