
ऊधमसिंहनगर। साइबर ठगों ने पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बनकर एक वृद्ध को झांसे में लिया और ऐप की सेवा शुरू कराने के नाम पर 29 लाख से अधिक की रकम उड़ा ली।
गढ़वाल सभा, जसपुर खुर्द निवासी 62 वर्षीय सुधेश कुमार ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि छह जून को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को पीएनबी का अधिकारी बताते हुए बैंक खाते को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पीएनबी वन ई-बैंकिंग एप का उपयोग करने की सलाह दी। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक फाइल भेजी और उसे खोलकर ऑनलाइन फार्म भरने को कहा। अगले दिन उनके खाते सेनौ अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 29 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाले जाने के संदेश मिले। साइबर क्राइम थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात पर खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

