ख़बर शेयर करें -

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के समीप डबरानी की ओर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात के यात्रियों को लेकर गंगोत्री जा रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। दो लोग अभी लापता हैं, जिनकी तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

 

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह 5 नवंबर को गंगनानी के पास हुआ। इनोवा कार संख्या UK08 TA 6040 में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी गंगोत्री की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी भागीरथी नदी में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की उजेली और भटवाड़ी पोस्ट से टीमें सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

 

मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य बचाव दलों के साथ संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी तट पर चलाए गए अभियान के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि एक गंभीर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रेफर करने की कार्रवाई की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान में अब तक गुजरात निवासी श्रीमती पटेल अशोकबेन (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19), घनश्यामभाई सरवालिया (32) और वाहन चालक राहुल अग्रवाल (निवासी गोसाईं गली, हरिद्वार) के शव बरामद किए गए हैं।

हादसे में घायल वेदांत अशोकभाई पटेल (17), निवासी कटारगाम, सूरत को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं, सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45), निवासी सूरत और किरणबेन विशालभाई पटेल (34), निवासी सायला, सुरेंद्रनगर गुजरात लापता हैं। दोनों की तलाश के लिए भागीरथी नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

 

एसडीआरएफ की टीमें अन्य बचाव दलों के साथ लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में व्यापक स्तर पर खोजबीन की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page