ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। पहाड़ में रिश्तों के कत्ल की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के नरगोडी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने चाचा और चाची की हत्या कर दी। हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरगोडी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी को निशाना बनाया। इसके बाद नीचे के कमरे में पहुंचकर चाचा पूरन चंद्र पर भी लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

इस दौरान चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चाचा की बहू दर्शनी देवी ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए दर्शनी अपनी बच्ची को लेकर एक कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा ली। बाद में वह किसी तरह दूसरी ओर से बाहर निकलने में सफल रही। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। इससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

 

फिलहाल इस जघन्य वारदात के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। दो लोगों की हत्या और एक महिला पर जानलेवा हमले की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page