ख़बर शेयर करें -

 

घनसाली। टिहरी के बालगंगा तहसील के जखाणा स्थित पौराणिक घंडियाल देवता मंदिर में चोरों ने धावा बोल दिया। मुख्य गेट की ग्रिल और गर्भगृह का ताला तोड़कर 20 किलोग्राम चांदी के आभूषण, कुछ सोने के आभूषण, चांदी का लोटा और आठ हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।

 

घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ग्राम प्रधान सुरभि सजवाण ने बताया कि बीते गुरुवार को हुई घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब मिली, जब मंदिर के पास रहने वाले ग्रामीण कुंदन सिंह ने टूटे ताले और बिखरा सामान देखा। उन्होंने अन्य ग्रामीणों और लाटा पुलिस चौकी को सूचना दी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी काफी खोजबीन की, लेकिन चोरी गया सामान बरामद नहीं हो सका।

 

ग्रामीण नरेंद्र सजवाण, राजेंद्र लेखवार और रमेश जिरवाण ने बताया कि सुबह पूजा करने पहुंची एक महिला ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। गर्भगृह में स्थापित देवता की मूर्तियों पर चढ़े चांदी और सोने के आभूषण, चांदी का लोटा तथा नकदी गायब मिली। घटना से पूरे गांव में भारी रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से चोरी गए आभूषण, नकदी की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

थानाध्यक्ष अजय जाटव ने बताया कि ग्राम प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला राजस्व क्षेत्र का है। इसके बावजूद चमियाला चौकी पुलिस मामले की जांच कर चुकी है। जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page