
देहरादून। देहरादून के ऋषिकेश के युवक को एक विदेशी युवती ने शादी का झांसा देकर 39.62 लाख रुपये का चूना लगा दिया। महिला ने युवक को पहले हनीट्रैप में फंसाया। फिर क्रिप्टो ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर उससे रकम झटक ली। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, देहरादून ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अभिषेक सिंह रौतेला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई थी। जहां उनका संपर्क अंजली कृष्णन नामक एनआरआई से हुआ। अंजली ने खुद को लंदन निवासी व फैशन बिजनेस से जुड़ा बताया। बीती 25 मार्च से वह यूके(+44)के नंबरों से व्हाट्सएप पर चैट व वीडियो कॉल करने लगी। युवती ने अभिषेक की मां से भी वीडियो कॉल पर बात कर शादी का भरोसा दिलाया।
इसी दौरान अंजली ने अभिषेक को क्रिप्टो ट्रेडिंग के जरिए करोड़ों के मुनाफे का लालच देकर झांसे में ले लिया। अंजली ने अभिषेक को व्हाट्सएप पर अपने कथित अंकल जॉर्ज से मिलाया। अंजली ने बताया, अंकल जॉर्ज ट्रेडिंग कंसल्टेंट हैं। शुरू में अभिषेक ने 16 अप्रैल को 10 हजार रुपये लगाए तो उसे 12 हजार वापस मिले। अगले दिन 28 हजार के निवेश पर तीन दिन बाद 90 हजार का रिटर्न मिला। इससे अभिषेक का भरोसा पक्का हो गया व उसने कुछ और निवेश किया। इसके बाद शातिरों ने पीड़ित के ट्रेडिंग अकाउंट में 1.5 करोड़ रुपये का फर्जी मुनाफा दिखाया। जब अभिषेक ने यह रकम निकालनी चाही तो उसे बताया गया कि इसके ऐवज में 30% कमीशन यानी करीब 38.31 लाख रुपये जमा कराने होंगे।
इस पर अभिषेक और उनके परिवार ने अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के जरिए विभिन्न खातों में कुल 38.31 लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद भी पैसे नहीं मिले और वीआईपी अकाउंट एक्टिवेशन के नाम पर 30 लाख रुपये और मांगे गए। इस पर युवक को ठगी का अहसास हुआ। मंगलवार को उसने साइबर अपराध थाने में तहरीर दी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में रकम जमा हुई, उनके संचालकों की तलाश की जा रही है।

