ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। पुलिस ने खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, गाली-गलौज करने एवं धमकी देने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने चैंपियन का बताया जा रहा वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की है। मामला पूर्व विधायक की गाड़ी को ओवरटेक करने के विवाद से जुड़ा है। मामले में पूर्व विधायक की ओर से भी तहरीर दी गई है, देर रात तक पुलिस ने उनकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।

घटना 22 जून की रात करीब 7 बजे की बताई जा रही है। मामले में पूर्व विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल संजय चौहान की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में खेड़ी कलां गांव निवासी एक व्यक्ति और कार में सवार चार अन्य लोगों पर रैश ड्राइविंग, गाली-गलौज व पूर्व विधायक की सुरक्षा को भेदने के आरोप लगाया है। तहरीर में बताया है कि लक्सर से खानपुर की ओर जाने के दौरान पीछे से आ रही कार ने कट मारकर और लगातार हॉर्न बजाकर उनके वाहन से आगे निकलने का प्रयास किया। इस दौरान कार में सवार व्यक्तियों ने गाली-गलौज की और उनके वाहन में टक्कर मार दी। उन्होंने अपने वाहन को रोका तो कार खेड़ी गांव की ओर चली गई।

कार में खेड़ी गांव निवासी संजीव कुमार व चार अन्य लोग सवार थे। प्रकरण में दूसरे पक्ष के जोगेंद्र कुमार निवासी शांतरशाह ने पुलिस को तहरीर में बताया कि घटना के समय वह अपने बहनोई संजीव कुमार और अन्य के साथ शादी समारोह से खेड़ी गांव लौट रहे थे। इस दौरान टायर फैक्टरी के निकट एक वाहन ने उन्हें ओवरटेक किया और वाहन सवार ने उनकी कार पर हाथ मारा। वह गांव में चले गए। 23 जून को पुलिस ने संजीव को कोतवाली बुलाया। इसी दौरान उन्हें पता लगा कि वाहन पूर्व विधायक चैंपियन का था। इस पर उनके परिचित वीर सिंह ने पूर्व विधायक को फोन किया। संजीव ने उनसे बात करनी चाही। आरोप है कि पूर्व विधायक ने फोन पर उन्हें जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रकरण में बुधवार की सुबह भीम आर्मी के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर और कार्यकर्ता लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस बीच पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने एक वीडियो जारी कर आरोपों से इन्कार करते हुए वायरल हो रहे वीडियो को एआई से जेनरेटेड बताते हुए पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है।

पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि रैश ड्राइविंग मामले में पुलिस से शिकायत की है। विरोधियों ने हमारी आवाज का इस्तेमाल करते हुए एआई से जेनरेट फेक वीडियो वायरल किया है। आरोप बेबुनियाद है। हम सभी वर्गों का सम्मान करते हैं।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूर्व विधायक के खिलाफ तहरीर मिली है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Related News

You cannot copy content of this page