
हल्द्वानी। स्वराज आश्रम में एनएसयूआई के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के अधिकृत प्रत्याशी मेहुल शाह के समर्थन में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों, संगठन की भूमिका और छात्रहितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए चुनावी रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय के साथ छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचने का संकल्प लिया।
बैठक में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि छात्रसंघ लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली पाठशाला है। यह केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि NSUI छात्रहित, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सुविधाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
सुमित हृदयेश ने कांग्रेस परिवार के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर छात्र-छात्राओं के बीच जाने तथा उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सभी कार्यकर्ता अनुशासन, संयम और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला और महानगर कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता संगठन के साथ समन्वय बनाकर विद्यार्थियों तक पहुंचेंगे। उन्होंने मेहुल शाह को युवा और ऊर्जावान चेहरा बताते हुए छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने की बात कही।
एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल शाह ने कांग्रेस और एनएसयूआई के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए जिम्मेदारी और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने कहा कि वे छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। बेहतर शैक्षणिक वातावरण, छात्र सुविधाओं, पारदर्शी व्यवस्था और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
मेहुल शाह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सहयोग और समर्थन की अपील की।
बैठक के अंत में कांग्रेस, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने चुनाव की तैयारियों को गति देने और छात्र-छात्राओं के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।
इस दौरान हेमंत बगड़वाल, सतीश नैनवाल, मधु सांगुड़ी, नीमा भट्ट, भागीरथी बिष्ट, पिंकी पांडे, संजय साह, मलय बिष्ट, जगमोहन बगड़वाल, सुहैल सिद्दीकी, किरन माहरा, जाकिर हुसैन, मयंक भट्ट, संजय रावत, रविंद्र रावत, देवेंद्र नेगी, हिमांशु जोशी, गुरपीत प्रिंस, गिरीश पांडे, देवेंद्र चुनौतियां, दीपक साह, राजू बिष्ट, गोविंद बगड़वाल, इकराम अंसारी, आसिफ अली, मोहम्मद इमरान, विनोद कुमार, नोएल मेसी, हेम जोशी, राजू रावत, नितिन भट्ट, सुशील डूंगराकोटी, सुरेंद्र नगरकोटी, तस्लीम अंसारी, हबीबुर रहमान, चंदन भाकुनी, एडवोकेट कुंदन नेगी, रमेश नगरकोटी, रंजीत डसीला, किशन अनेरिया, प्रदीप बिष्ट, मनोज भट्ट और उदित करायता सहित कांग्रेस, एनएसयूआई एवं युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

