
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित एसकेएम स्कूल के पास बीते चार जनवरी की रात हुए बहुचर्चित नितिन लोहनी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के आरोपी और भाजपा के पूर्व पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू और उसके बेटे जय बिष्ट के खिलाफ पुलिस ने ‘गैंगस्टर एक्ट’ के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित गिरोह बनाकर अवैध हथियारों के बल पर इलाके में खौफ फैला रहे थे। आरोपियों का यह गैंग मानपुर उत्तर क्षेत्र से संचालित हो रहा था। जिसमें 24 वर्षीय जय बिष्ट गैंग लीडर उसका पिता 52 वर्षीय अमित बिष्ट उर्फ चिंटू इस गैंग के सक्रिय सदस्य के तौर पर काम करता था। पुलिस के अनुसार पिता-पुत्र का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। मारपीट, हत्या, अवैध असलहे रखने और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप भी हैं।

