
देहरादून। राजधानी देहरादून समेत राज्य के बड़े हिस्से में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकलने से उमस बढ़ गई। मौसम विभाग ने आज बुधवार के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि दून का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
बीते 24 घंटे में मसूरी में नौ मिमी और पिथौरागढ़ में 1.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। चकराता में 4.5 मिमी बारिश हुई। वहीं मालदेवता, मसूरी, हाथीबड़कला, मोहकमपुर और कालसी में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

