ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। अधिवेशन में आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया गया। साथ ही संघ का 295 करोड़ 52 लाख रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस निर्णय से संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों के करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

 

शनिवार को हल्द्वानी के संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। अधिवेशन में दुग्ध संघ की गतिविधियों, उपलब्धियों, आर्थिक स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दूध खरीद मूल्य में वृद्धि का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

 

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी फरवरी माह से दुग्ध उत्पादकों को दूध का तीन रुपये प्रति लीटर अधिक मूल्य दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ का मूल उद्देश्य पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध व्यवसाय को रोजगार एवं आय का सशक्त माध्यम बनाना है। संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का हित सर्वोपरि है। पशुपालकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और उनके विश्वास को बनाए रखने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है।

 

अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।

 

मैदानी क्षेत्र महिला वर्ग में प्रभपाल सिंह को प्रथम पुरस्कार के रूप में 31 हजार रुपये, हिमानी बिष्ट को 25 हजार रुपये, पुष्पा बिष्ट को 21 हजार रुपये और दीपा बिष्ट को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। पर्वतीय क्षेत्र महिला वर्ग में कमला देवी को 25 हजार, गंगा देवी को 21 हजार और पुष्पा जोशी को 17 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।

 

पुरुष वर्ग के मैदानी क्षेत्र में कृपाल सिंह को 25 हजार, जगपाल सिंह को 21 हजार और स्नेहपाल सिंह को 17 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। पर्वतीय क्षेत्र में चिंतामणि को 25 हजार, श्याम नारायण को 21 हजार और कृपाल सिंह को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए।

 

इसके अलावा आठ विकासखंडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला दुग्ध उत्पादकों सहित कुल 31 उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के 10 समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। संस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागाध्यक्षों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। दुग्ध व्यवसाय से बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों की आजीविका जुड़ी है, इसलिए ऐसी संस्थाओं को और मजबूत बनाने की जरूरत है।

 

वहीं महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

 

अधिवेशन में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग उत्तराखंड के निबंधक एवं निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, यूसीडीएफ के सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी, उप सामान्य प्रबंधक पीएंडआई पीएस नागपाल और प्रबंधक पीएस नगरकोटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। अधिवेशन के सफल संचालन और प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार शर्मा, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, थान सिंह बिष्ट, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, खलील अहमद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

77वें वार्षिक अधिवेशन में पारित बजट, दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और उत्कृष्ट पशुपालकों के सम्मान जैसे फैसलों के जरिए दुग्ध संघ ने पशुपालकों की आय बढ़ाने और सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page