ख़बर शेयर करें -

हरिद्वार। उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की जोरदार टक्कर होने से दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की मौत हो गई।

 

पुलिस के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की दूसरी स्कूटी से टक्कर हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क के एक हिस्से पर खड़ी रही, जो बाद में जानलेवा साबित हुई।

इसी दौरान गाजीवाली गांव निवासी 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू देवी (50) और पांच वर्षीय पोते शिवा सिंह के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वे श्यामपुर क्षेत्र के फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो उनकी स्कूटी सड़क पर खड़ी उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि वीर सिंह और मंजू देवी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान संचालित करते थे। उनका पोता शिवा भी उनके साथ ही रहता था। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद तीनों स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी, जिसके कारण स्कूटी सवारों को सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटों की कमी और हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page