
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की ओर से अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में सोमवार देर शाम एसआईटी ने मंत्री के बयान दर्ज कर लिए हैं।
एसआईटी में शामिल विवेचक सीओ अनुज कुमार ने बयान दर्ज करने की यह कार्रवाई पूरी की। इस दौरान एसआईटी ने प्रकरण से जुड़ी अहम ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी विधिवत रूप से प्राप्त कर अपने कब्जे में ले लिया है, जिसे अब परीक्षण और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा। बयान दर्ज करने के दौरान पुलिस ने मुकदमे में लगाए गए सभी आरोपों पर विस्तार से प्रश्न पूछे और उनसे जुड़े तथ्य जुटाए।
ऑडियो कब्जे में लेने के साथ ही पुलिस ने संबंधित कंपनियों के दस्तावेजों में फर्जी हस्ताक्षर से हेराफेरी करने और पहली शादी छिपाकर किए गए विवाह के फर्जीवाड़े को लेकर भी मंत्री से विस्तृत जानकारी ली है। बयान दर्ज होने के बाद अब एसआईटी इन तथ्यों के आधार पर अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कोतवाली कैंट थाने में बीते 15 अक्तूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसमें मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और ऑडियो में एक महिला से बात करते हुए हत्या की साजिश रचने का आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद से यह चर्चा का विषय बना हुआ है।



