
हल्द्वानी। दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में Aspirant Learning के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय Haldwani DPS MUN 2026 का उत्साहपूर्ण एवं भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में 145 से अधिक विद्यार्थियों ने आठ विभिन्न समितियों के अंतर्गत प्रतिभाग कर वैश्विक मुद्दों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों, कूटनीति एवं समसामयिक विषयों पर अपने विचारों और तर्कों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
आयोजन के दूसरे दिन की शुरुआत विभिन्न समितियों में गहन चर्चा, विचार-विमर्श एवं बहस के साथ हुई। प्रतिभागियों ने विभिन्न देशों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों के रूप में अपनी भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए वैश्विक चुनौतियों पर सार्थक संवाद किया। विद्यार्थियों ने अपने शोध, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया।
इसके पश्चात आयोजित समापन समारोह में मुख्य आकर्षण के रूप में पांच बार की TEDx speaker सुश्री भाविका डाबर उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी संबोधन से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, निरंतर अभ्यास एवं अपने विचारों को दृढ़ता से प्रस्तुत करने का संदेश दिया। उनके प्रेरक शब्दों ने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व एवं संवाद कौशल को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह के दौरान सभी आठ समितियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को Best Delegate एवं अन्य विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक पंजाबी नृत्य एवं अर्धशास्त्रीय नृत्य ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत Aspirant Learning की निर्णायक टीम के सभी सदस्यों, निर्णायकों एवं आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समन्वयकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री रंजना शाही को भी आयोजन की सफलता में उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय विषयों की समझ विकसित करने, नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, तार्किक चिंतन एवं प्रभावशाली संवाद का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। Haldwani DPS MUN 2026 केवल एक शैक्षणिक आयोजन नहीं, बल्कि युवा मस्तिष्कों को वैश्विक दृष्टिकोण देने और भविष्य के जिम्मेदार नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।



