ख़बर शेयर करें -

पौड़ी। पौड़ी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक के सतखोलू बणासी गांव में घास काटने गई महिला को गुलदार ने मार डाला। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

 

गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज अंतर्गत नैनीडांडा ब्लॉक के सतखोलू बणासी गांव में सुशीला देवी (65) गांव की एक अन्य महिला के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। सुशीला देवी की चीख-पुकार सुनकर पास ही मौजूद उनके साथ गई महिला ने शोर मचाकर गुलदार को भगाने की कोशिश की। इसके बाद गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, धुमाकोट पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तब तक गुलदार महिला को मौत के घाट उतार चुका था। ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रकीर्ण नेगी ने बताया कि गुलदार के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने तथा प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम तैनात करने की मांग की है। प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम तैनात की जा रही हैं। गुलदार पर लगातार नजर रखी जाएगी।

गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रथमद्ष्टया यह हमला गुलदार का लग रहा है। इसके साथ यह इलाका कॉर्बेट पार्क की सीमा के निकट है। घटनास्थल से हमलावर वन्यजीव के बालों को जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि यह पता चल सके कि महिला पर गुलदार ने हमला किया है या बाघ ने।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page