
देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर में नंदा की चौकी पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने के मामले में लोनिवि के तीन इंजीनियरों पर गाज गिर गई। जांच में दोषी पाए जाने पर सरकार ने अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता अमित त्यागी और कनिष्ठ अभियंता नवीन गैरौला को सस्पेंड कर दिया। तीनों लोक निर्माण विभाग के देहरादून स्थित प्रांतीय खंड से जुड़े थे।
लोनिवि के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने शुक्रवार शाम कार्रवाई के आदेश किए। जांच में प्रथम दृष्टया जांच में तकनीकी और पर्यवेक्षण स्तर पर गंभीर लापरवाही सामने आई है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार डिजाइन कंसलटेंट की ओर से रिवर डाइवर्जन वर्क दिया जाना था, लेकिन इसे नहीं किया गया। सुरक्षा के उचित उपाय न होने से नदी का प्रवाह एक स्थान की ओर केंद्रित हो गया। निलंबन अवधि में तीनों इंजीनियर प्रमुख अभियंता कार्यालय से अटैच रहेंगे। उनके साथ ही एप्रोच रोड के धंसने के लिए संबंधित डिजाइन कंसलटेंट और प्रूफ चेकिंग कंसलटेंट का भी जिम्मेदारी तय की गई है। लोनिवि सचिव ने प्रमुख अभियंता को उन दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही पल को भविष्य में सुरक्षित रखने के लिए समय बाद तरीके से कार्य योजना बनाने को कहा है।

