ख़बर शेयर करें -

 

देहरादून। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर दंपती को 25 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोपियों ने फर्जी मोबाइल एप के जरिये वारदात को अंजाम दिया। दून साइबर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

सुमन विहार, नेहरू कॉलोनी निवासी मौलश्री उनियाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अगस्त के पहले सप्ताह में उनके पति कमल उनियाल को व्हाट्सएप पर एक संदेश मिला था।

 

शिखा शर्मा नाम की महिला ने खुद को सस्कुहन्ना इन्वेस्टमेंट क्लब का असिस्टेंट बताया और शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफे का लालच दिया। विश्वास जीतने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा, जिसमें पहले से मौजूद सदस्य मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजते थे। इसके बाद गूगल प्ले स्टोर से निफ्टी पीडब्ल्यूएम और एप्पल स्टोर से ग्रोएपीडब्ल्यूएन नाम की फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराई गई। शुरुआत में दंपती को 10 हजार रुपये निकालने की अनुमति दी गई। रकम मिलने के बाद उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद 26 अगस्त से आठ सितंबर के बीच विभिन्न बैंक खातों में 25 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।

रकम निकालने के लिए साइबर ठगों ने केवाईसी के नाम पर दंपती से आधार कार्ड, पैन कार्ड और डिजिटल हस्ताक्षर भी एप पर अपलोड करा लिए। अब आरोपी और रकम जमा करने का दबाव बना रहे हैं। साइबर थाने के इंस्पेक्टर देवेंद्र नबियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर रकम जिन खातों में गई और जिन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल हुआ, उनकी जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page