
खटीमा। नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद ने दोस्ती के रिश्ते को खून से रंग दिया। स्मैक का इंजेक्शन तैयार करने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक ने अपने ही दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को गटर में फेंककर छिपा दिया और मृतक की जेब से 2300 रुपये व मोबाइल फोन निकाल लिए। तीन दिन से लापता 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले भी गैर इरादतन हत्या के मामले में जेल जा चुका है और करीब एक साल पहले जमानत पर बाहर आया था।
वार्ड 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि पुत्र स्व. मनोज कुमार ने सोमवार को अपने छोटे भाई अभय (20) उर्फ लल्लू की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रवि ने पुलिस को बताया था कि अभय सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिव कॉलोनी निवासी संजय गुप्ता ने अभय का मोबाइल फोन उसके परिजनों को लौटाया था। इस जानकारी के बाद पुलिस का शक संजय पर गहराया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संजय ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि सात नवंबर को वह और अभय स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिर गया और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने अभय की जेब से 2300 रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर एक गटर में फेंककर छिपा दिया, ताकि वारदात का पता न चल सके।
कोतवाल कमल लुंठी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव और हत्या में इस्तेमाल लोअर का नाड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी के पास से 600 रुपये भी मिले हैं। पूछताछ में उसने बताया कि बाकी 1700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए थे।
अभय के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। मंगलवार को परिजन और कॉलोनीवासी कोतवाली पहुंचे और एसएसआई केसी आर्य से मुलाकात कर मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की थी। इस दौरान अभय का भाई रवि और भाजपा नेता भुवन जोशी भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय गुप्ता का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2023 में शिव कॉलोनी में नितिन नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में वह जेल भी गया था और करीब एक साल पहले जमानत पर बाहर आया था। इसके अलावा वर्ष 2021 में धारा 379/411 और वर्ष 2025 में धारा 303(2), 317(2) के तहत भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।



