ख़बर शेयर करें -

देहरादून। दिवाली की रात दोस्तों के साथ घर से निकले 15 वर्षीय अर्थ अंसारी की मौत के मामले में सीसीटीवी फुटेज से बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में जिस घटना को मारपीट के बाद हत्या से जोड़कर देखा जा रहा था, उसमें अर्थ की मौत दोस्तों की ही कार से कुचलने के कारण हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि सूरी चौक पर दूसरे गुट के युवकों से विवाद के बाद धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास दोबारा आमना-सामना हुआ। इसी दौरान मची भगदड़ में तेजी और लापरवाही से पीछे की ओर बैक हो रही कार के पिछले पहिये के नीचे अर्थ आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

 

थाना डालनवाला पुलिस के मुताबिक, आठ नवंबर की रात अर्थ अपने दोस्तों के साथ दिवाली मनाने निकला था। देर रात सभी कार से घूम रहे थे। तड़के करीब तीन बजे रेसकोर्स के सूरी चौक पर उनका सामना स्कूटी सवार युवकों के दूसरे गुट से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया।

 

सूरी चौक पर विवाद के बाद युवक वहां से निकल गए, लेकिन कुछ देर बाद धर्मपुर चौक स्थित अग्रवाल बेकरी के पास दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। यहां विवाद बढ़ने से अफरातफरी मच गई और युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अर्थ भी अपने साथियों के साथ वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था। तभी दोस्तों की कार तेजी से पीछे की ओर बैक हुई और अर्थ उसके पिछले हिस्से के नीचे आ गया। कार का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद अर्थ के शरीर पर चोटों के निशान मिलने और परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाए जाने पर पुलिस ने हत्या के एंगल से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। अर्थ के पिता नदीम अंसारी ने नौ नवंबर को थाना डालनवाला में शिकायत देकर बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया था।

 

पिता के मुताबिक, आठ नवंबर को अर्थ का एक दोस्त उसे नेहरू कॉलोनी स्थित अपने घर पर दिवाली मनाने के लिए बुलाकर ले गया था। रात करीब 12 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद जब अर्थ घर नहीं लौटा तो दोस्तों ने बताया कि वह सुबह घर आ जाएगा। अगले दिन सुबह दोस्त की मां ने फोन कर सूचना दी कि अर्थ मोर्चरी में है। मोर्चरी पहुंचने पर बेटे के शरीर पर कई चोटों के निशान देखकर पिता ने दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में अर्थ अपने साथियों के साथ कार से उतरता दिखाई दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और भगदड़ के दौरान वह पीछे की ओर पहुंचा और बैक हो रही कार की चपेट में आ गया।

 

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में कार चालक की ओर से तेजी और लापरवाही से वाहन पीछे करने की बात सामने आई है। हादसा दोस्तों की कार से ही हुआ था। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम में शामिल युवकों की भूमिका, दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह और कार चालक की जिम्मेदारी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page