
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने बुधवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 आईएएस समेत 17 अधिकारियों के विभागों में बदलाव कर दिया। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में प्रमुख सचिव, सचिव और अपर सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में कई अहम विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सचिव आवास आर. राजेश कुमार को सचिव खनन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि प्रमुख सचिव लालरिन लियना फैनई को आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है।
प्रमुख सचिव लालरिन लियना फैनई अपने मौजूदा विभागों के साथ आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी। वहीं, सचिव दिलीप जावलकर से वित्त विभाग की जिम्मेदारी हटा दी गई है। अब उनके पास निर्वाचन और जलागम विभाग रहेंगे। सचिव बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास (खनन), महानिदेशक खनन और आबकारी विभाग का दायित्व वापस लेते हुए उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग सौंपा गया है।
सचिव स्तर पर एक अन्य महत्वपूर्ण बदलाव में डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर आयुष और आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सचिव युगल किशोर पंत को संस्कृति और सचिवालय प्रशासन के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, सचिव रंजना राजगुरु से आयुष और आयुष शिक्षा विभाग हटाते हुए नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा से खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व वापस ले लिया गया है।
अपर सचिव स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह को रजिस्ट्रार सहकारिता का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। रीना जोशी को श्रम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनीत कुमार से श्रम विभाग हटाते हुए जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है। साथ ही उन्हें अपर निदेशक एवं परियोजना निदेशक जलागम बनाया गया है।
मनुज गोयल को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मेहरबान सिंह बिष्ट से सहकारिता और रजिस्ट्रार सहकारिता का प्रभार हटाकर गृह विभाग सौंपा गया है। बाध्य प्रतीक्षारत बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास एवं निदेशक डेयरी बनाया गया है। वहीं, इलागिरी को इन दोनों पदों से अवमुक्त करते हुए अपर आयुक्त, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा के अपर सचिव विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटा दिया गया है। महिमा रौंकली को राजस्व और सैनिक कल्याण विभाग के साथ वन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
शासन के इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव और विभागीय कामकाज को नई गति देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।



