
हल्द्वानी। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी की ओर से संयुक्त हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे सहित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरों वाले बैनर 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर राजभवन कूच के दौरान राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस जनता की आवाज को संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसका सम्मान करना जरूरी है।
उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीतिक विरोध के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को उठा रही है। कृषि मंत्री के खिलाफ हाईकोर्ट में चल रहे मामले और 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े आरोपों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन गंभीर विषयों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जब महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री स्वयं अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात कह रही हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार प्रदेश की व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती है। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। हस्ताक्षर अभियान जनता को जागरूक करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक आवाज बुलंद करने का माध्यम है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और मोहल्लों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 26 नवंबर को राज्यपाल को हस्ताक्षर सौंपना अभियान का महत्वपूर्ण चरण होगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल हस्ताक्षर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनभागीदारी के साथ इसे प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
इस दौरान हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एनबी गुणवंत, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गुरप्रीत प्रिंस, पार्षद नीमा भट्ट, दीप चंद्र पाठक, मयंक भट्ट, हेम पांडे, सुहैल सिद्धिकी, विनय भट्ट, गोविंद बगड़वाल, कौशलेन्द्र भट्ट, मनोज भट्ट, महेशानंद, रिंकू बिष्ट, सीमा लोहमी, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पांडे, विमला सांगुड़ी, राजेंद्र उपाध्याय, रोहित सांगुड़ी, गिरजा तड़ागी, महेंद्र परिहार, जाकिर हुसैन और सालिम सिद्धिकी सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



