ख़बर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून की एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में घिरे चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया। इस प्रकरण में गुरुवार को एसएसपी अजय सिंह ने यह कार्रवाई की।

एसएसपी के अनुसार, एक महिला ने राजपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उसके दून स्थित घर पर एक साल पहले चोरी हो गई थी। उस समय मनोज भट्ट कुठालगेट चौकी इंचार्ज थे। पुलिस जांच के दौरान भट्ट और महिला की दोस्ती हो गई। आरोप है कि तब दरोगा ने खुद को अविवाहित बताया था। इसके बाद आरोपी ने महिला से शारीरिक संबंध बनाए। वो उसे कई बार किराये के अपने फ्लैट पर ले गया। महिला भट्ट के साथ नैनीताल भी गई थी। इस बीच, भट्ट की पत्नी को शक हो गया। बाद में दरोगा की पत्नी ने उक्त महिला को भट्ट के शादीशुदा होने की जानकारी दी।

आरोप है कि मामला खुलने के बाद दरोगा ने महिला को सरकारी पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। दरोगा वर्तमान में मयूर विहार चौकी का इंचार्ज था। पीड़ित महिला कनाडा में पढ़ी-लिखी है और उसका पति कनाडा में नौकरी करता है।

You cannot copy content of this page