ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। रेशमबाड़ी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जनपदभर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शनिवार 28 नवंबर को पुलिस को मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के संबंध में जानकारी मिली।

 

इसके बाद पुलिस टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25) पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, कोतवाली रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी रेशमबाड़ी प्रकरण में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page