ख़बर शेयर करें -

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार, 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले अधिवेशन में जिलेभर की दुग्ध समितियों के अध्यक्ष और प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं, संघ की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।

अधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा।

इस दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि वार्षिक अधिवेशन दुग्ध उत्पादकों और सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और विचार रखने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। उत्पादकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का हित संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बोरा ने कहा कि संघ का प्रयास दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही दुग्ध व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाना है। उत्पादकों के सुझावों के आधार पर व्यवसाय को बढ़ावा देने, उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर करने और सहकारी समितियों को मजबूत बनाने के लिए भविष्य की योजनाएं तैयार की जाएंगी। इस दौरान दुग्ध संघ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page