ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी।दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) हल्द्वानी में एस्पिरेंट्स लर्निंग के सहयोग से दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन विद्यार्थियों में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, कूटनीति, नेतृत्व क्षमता और तार्किक विचार-विमर्श को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में 145 से अधिक विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। इसके तहत आठ समितियों के माध्यम से विभिन्न समसामयिक और वैश्विक विषयों पर चर्चा एवं परिचर्चा की जा रही है।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और विद्यालय की कॉयर टीम की ओर से प्रस्तुत सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही तथा एस्पिरेंट्स लर्निंग के संस्थापक प्रियंशु ग्रोवर और आदर्श ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे आत्मविश्वास, निष्पक्षता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

 

दो दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों को विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने और वैश्विक समस्याओं पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थी कूटनीतिक संवाद, निर्णय लेने की क्षमता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

 

विद्यालय प्रशासन के अनुसार, एमयूएन जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, संवाद शैली, आलोचनात्मक चिंतन और वैश्विक नागरिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन का पहला दिन उत्साह, ऊर्जा और बौद्धिक संवाद के माहौल में संपन्न हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page