ख़बर शेयर करें -

 

देहरादून। साइबर ठगों ने डॉक्टर की ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कराने के बहाने क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता को एपीके फाइल भेजकर उसके बैंक खाते से 3.19 लाख रुपये उड़ा दिए।

राजपुर थाना क्षेत्र के मसूरी रोड स्थित मालसी निवासी आरपी ईश्वरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो अगस्त को वह ऑनलाइन डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक एपीके फाइल भेजी गई। इसे अपॉइंटमेंट प्रक्रिया का हिस्सा समझकर उन्होंने डाउनलोड और इंस्टॉल कर लिया।

पीड़ित के अनुसार एप इंस्टॉल होते ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद उनके आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाते से तीन ट्रांजेक्शन किए गए। पहली निकासी सुबह 11:47 बजे 99,800 रुपये, दूसरी 11:57 बजे 92,451 रुपये और तीसरी 12:13 बजे 1,27,000 रुपये की हुई। कुल 3,19,251 रुपये खाते से निकाल लिए गए।

धोखाधड़ी का पता चलते ही उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर सूचना दी और पुलिस को शिकायत दी। राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के सात मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई है। क्लेमेंटटाउन थाने में में भरत सिंह से 2.72 लाख और गिरीश चंद्र से 1.88 लाख की ठगी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शहर कोतवाली में उमेश कुमार से 1.50 लाख और मनोज कुमार आहुजा से 1.25 लाख की ठगी का मामला दर्ज हुआ है। डालनवाला में संजीव रात्रा के खाते से 1.44 लाख निकालने के मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई है। पटेलनगर में नागेंद्र कुमार से 1.80 लाख और झारखंड के रहने वाले गौरव अग्रवाल से 3.12 लाख की ऑनलाइन ठगी हुई है। पीडितों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page