
लालकुआं। बरेली रोड पर रविवार रात पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीन दिन के भीतर पांच लोगों की मौत से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस के अनुसार, स्कूटी सवार दोनों युवक नगला से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास लालकुआं से रुद्रपुर जा रहे कैंटर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी करीब 12 फीट दूर जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच), हल्द्वानी पहुंचाया। लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय चेतन बिष्ट पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट, निवासी मानपुर पश्चिम, दौलतपुर, गौलापार और 24 वर्षीय दीक्षित बिष्ट पुत्र किशन सिंह, निवासी भवाली के रूप में हुई है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। महज तीन दिन में पांच लोगों की जान जाने से सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होने वाले हादसों पर अंकुश लगाना अब बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।



