ख़बर शेयर करें -

अल्मोड़ा। बाड़ेछीना-धौलछीना मोटर मार्ग पर गुरुवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली से लौट रहे पूर्व प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल की कार संख्या यूके 04ए-2999 कांचुला पुल के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

कार में सवार पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल (75 वर्ष) पुत्र महेंद्र बथियाल, गणेश कुमार (32 वर्ष) पुत्र भोपाल राम तथा भूपेंद्र प्रसाद (25 वर्ष) पुत्र दीवानी राम को खाई से निकालकर बाड़ेछीना अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने कुंदन सिंह बथियाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गणेश कुमार और भूपेंद्र प्रसाद को बेहतर उपचार के लिए बेस अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया गया है कि तीनों पिथौरागढ़ जनपद के नाचनी क्षेत्र के निवासी हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल के निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं शोक संतप्त परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page