ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। कपकोट के विधायक के नाम पर वसूली के आरोप वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद सीडीपीओ समेत चार कर्मचारियों को जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी तैयारी शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगेगा। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

मालूम हो तीन दिन पहले कपकोट की आंगनबाड़ी वर्कर ने वीडियो वायरल किया था। इसमें उसने कई कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही, विधायक के नाम पर एक-एक हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया था। डीएम आशीष भटगांई ने इसका संज्ञान लेकर सीडीओ आरसी तिवारी को जांच के आदेश दिए। सीडीओ ने जांच कमेटी बनाई। कमेटी ने दो दिन प्रारंभिक जांच के बाद सीडीओ को रिपोर्ट सौंपी। इसके आधार पर सीडीओ ने शिकायतकर्ता आंगनबाड़ी वर्कर कमला दानू, सीडीपीओ पूजा आर्या, सुपरवाइजर निर्मला रावत और हंसी ऐठानी को जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय बागेश्वर में अटैच कर दिया है। प्रारंभिक जांच में वीडियो में लगाए गए आरोप की पुष्टि नहीं हुई। अब विभागीय जांच होगी। इसके लिए जिलाधिकारी को संस्तुति के लिए पत्र भेजा गया है।

संस्तुति मिलने के बाद विभागीय जांच होगी। इस प्रक्रिया में 15 दिन से एक महीने तक का समय लगेगा।
मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के बाद सीडीपीओ समेत चार कर्मचारी को जिला मुख्यालय अटैच कर दिया है। अब विभागीय जांच होगी। जिलाधिकारी को इसकी संस्तुति के लिए पत्र भेज गया है। संस्तुति मिलने के बाद जांच होगी। इस प्रक्रिया में एक महीने तक का समय लगेगा। उसके बाद यदि कर्मचारी दोषी मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। यदि नहीं मिले तो आरोप लगाने वाली महिला पर कार्रवाई होगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page