
हल्द्वानी। प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जनआंदोलन की शुरुआत कर दी है। रविवार को नारीमन चौराहा, काठगोदाम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम और हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने स्वयं हस्ताक्षर कर किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जनता से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
इस मौके पर विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार गंभीर जनसमस्या बन चुका है। सरकार एक ओर जीरो टॉलरेंस की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सरकार में बैठे लोगों और मंत्रियों पर गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर उनके पति की ओर से लगभग 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। इतने गंभीर आरोपों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जिम्मेदारी है कि वे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराएं और प्रदेश की जनता के सामने सच्चाई रखें।
सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार को आरोपों पर चुप्पी साधने के बजाय जवाबदेही तय करनी चाहिए। भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अनियमितता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। सरकारी धन जनता की मेहनत की कमाई है और उसका इस्तेमाल जनकल्याण तथा विकास कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ गंभीर है तो ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच और ठोस कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई देती?
विधायक ने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है। भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू किया गया हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज को एकजुट करने का माध्यम है। यह लड़ाई केवल हस्ताक्षर अभियान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भ्रष्टाचार के हर मामले को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाया जाएगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। हस्ताक्षर अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़कर सामूहिक आवाज बुलंद की जाएगी। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी काठगोदाम के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने और जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
इस दौरान हेमंत बगड़वाल, मोहन बिष्ट, बहादुर बिष्ट, यशपाल आर्य, गिरीश तिवारी, हरीश बलुटिया, भुवन तिवारी, किशन अनेरिया, आनंद कुंजरवाल, कमल पपनै, मनोज बिष्ट, बासित खान, प्रदीप कुमार, राजा राणा, गिरीश पांडे, राजू रावत, प्रदीप बिष्ट, दिवेश तिवारी, गुरप्रीत सिंह, किशन लाल, बंटी रहमान, लाल सिंह पवार, बबलू बिष्ट, कुंदन बिष्ट, कातिल अख्तर, राहुल सिंह, निर्मला बिष्ट, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गीता बहुगुणा, भगवती जोशी, भगवती बिष्ट, नीमा भट्ट, शकुंतला देवी, दीपा खत्री, पवन शाह, संजय बिष्ट, उदित करायत और पवन गुप्ता सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।



