
देहरादून। उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला जारी है। चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद शासन ने गुरुवार देर रात 24 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इससे एक दिन पहले 10 आईएएस समेत 30 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। कार्मिक विभाग के अनुसचिव तजम्मुल हुसैन खान की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए हैं।
ताजा फेरबदल में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। रुद्रपुर नगर निगम में उप नगर आयुक्त के पद पर तैनात शिप्रा जोशी को हटाकर नैनीताल का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अभय प्रताप सिंह को ऊधमसिंह नगर से देहरादून और राजकुमार पांडे को चमोली से देहरादून भेजा गया है। बृजेश कुमार तिवारी को उत्तरकाशी से टिहरी स्थानांतरित किया गया है। तुषार सैनी और गौरव पांडे को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल भेजा गया है, जबकि मनीष बिष्ट को पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में निदेशक प्रशासन एवं मुख्य कार्मिक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा रेखा कोहली को नैनीताल से ऊधमसिंह नगर, मुकेश चंद्र रमोला को उत्तरकाशी से देहरादून और अमृता शर्मा को ऊधमसिंह नगर से नैनीताल भेजा गया है। नवाजिश खलीक को नैनीताल से अल्मोड़ा, शालिनी मौर्य को पौड़ी से हरिद्वार, चंद्रशेखर को चमोली से उत्तरकाशी और मंजू राजपूत को टिहरी से हरिद्वार स्थानांतरित किया गया है।
वहीं, अबरार अहमद को चमोली से उत्तरकाशी, सुनील कुमार को अल्मोड़ा से रुद्रप्रयाग, नीतू डागर को चंपावत से हरिद्वार, संजय कुमार को अल्मोड़ा से ऊधमसिंह नगर, रेखा को पौड़ी से ऊधमसिंह नगर और कृष्णा त्रिपाठी को रुद्रप्रयाग से चमोली में नई तैनाती दी गई है।
शासन के इस फेरबदल को आगामी चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।



